माँ ही वह शक्ति है जो अपने बच्चों को संस्कार, सद्गुण और ममता देकर
उन्हें एक सुदृढ़ और जिम्मेदार व्यक्तित्व बनाती है। और जब बच्चे रास्ते से भटक जाते हैं… तो वही माँ डाँटकर, समझाकर— उन्हें प्यार से सही मार्ग पर लौटाती है।
इसी प्रकार जब भगवान की सर्वोत्तम संतान — मनुष्य — कभी भटक जाती है, तो जगत-जननी, जगदंबा स्वयं अवतार लेकर मानव को मानवता के मार्ग पर लाने का कार्य करती हैं।
Read more: कहते हैं कि भगवान हर जगह नहीं हो सकते थे, इसलिए उन्होंने माँ बनाई।
ऐसी ही करुणामयी, मार्गदर्शक और ममतामयी शक्ति थीं — परम वंदनीय माताजी,
जो सच अर्थों में हम सबकी माँ थीं। उनका ममत्व किसी सीमा, जाति या मज़हब से बंधा हुआ नहीं था।
सतीश और शैलो जैसे अपने बच्चों की तरह ही वे अब्दुल लतीफ़ को भी उतना ही स्नेह देती थीं, जो अखण्ड ज्योति संस्थान में मशीन मैन के रूप में काम करते थे और पत्रिका की छपाई संभालते थे।
अखण्ड ज्योति संस्थान की एक घटना आज भी बड़े भाव से सुनाई जाती है— कुछ संबंधियों को यह अच्छा नहीं लगता था कि अब्दुल लतीफ़ वही भोजन करें जो बाकी परिवार करता है। वे कहते
"भोजन देना गलत नहीं है…पर उसके बर्तन तो अलग रखने चाहिए…"
माताजी कई दिनों तक शांत भाव से उनकी बातें सुनती रहीं।
वे समझातीं— “आचार-विचार का मतलब छुआछूत नहीं होता। पवित्रता हमारे विचारों और कर्मों की होती है।” पर आग्रह रुका नहीं। एक दिन घर के कामों में हाथ बँटाने वाली ए-जू ने भी यही बात कह दी— “वह मुसलमान है… उसके बर्तन अलग कर देने में बुराई क्या है?”
यह सुनकर माताजी थोड़ी देर मौन रहीं। फिर वे उस कमरे में गईं जहाँ अब्दुल लतीफ़ के जूठे बर्तन रखे थे। उन्होंने वे बर्तन अपने हाथों से उठाए और स्वयं धोने लगीं।
ए-जू यह देखकर स्तब्ध रह गई।
उसी क्षण माताजी ने कहा— “इतने दिन तुम मेरे पास रहीं, फिर भी तुमने मुझे समझा नहीं। मैं सिर्फ माँ हूँ—हिंदू की भी, मुसलमान की भी। मेरे लिए जैसे ओमप्रकाश और सतीश हैं, वैसे ही यह अब्दुल लतीफ़ भी है।”
कुछ दिनों बाद जब यह बात अब्दुल लतीफ़ को पता चली, तो उसकी आँखों में आँसू भर आए। वह माताजी के सामने हाथ जोड़कर बोला— “माँ… आप सचमुच माँ हो। आपका दर्जा फरिश्तों से भी ऊँचा है। आप फ़ातिमा बी की तरह मुकद्दस हो।”
माताजी के वहाँ से जाने के बाद वह उस स्थान की धूल अपने सिर-माथे पर लगाकर प्रणाम करने लगा।
यह घटना सिद्ध करती है कि माताजी केवल एक व्यक्तित्व नहीं थीं— वे प्रेम, करुणा, ममता और समानता की जीवित प्रतिमूर्ति थीं।
2026 की उनकी जन्मशताब्दी फिर यही संदेश दोहराती है
“मानवता ही सबसे बड़ा धर्म है।”